संभल में आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में घायल युवक दानवीर यादव (25) की मौत हो गई। वह अपनी बहन और भांजे के साथ मंदिर से लौट रहा था, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। यह हादसा संभल के कोतवाली गुन्नौर कस्बा क्षेत्र में रसूलपुर पुलिया के पास हुआ। दानवीर यादव पुत्र केदारी लाल यादव, निवासी गांव हुसैनपुर सैलाब, बीते सोमवार को अपनी बहन पिंकी और उसके एक वर्षीय बेटे नीरज के साथ पाताली शिव मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दानवीर, उनकी बहन और भांजा घायल हो गए। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बहन और भांजे को मामूली चोटें आई थीं, जिसके बाद उन्हें उपचार देकर घर भेज दिया गया। दानवीर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया था। निजी अस्पताल में इलाज के बाद वह बीते शुक्रवार को घर लौट आए थे। हालांकि, शनिवार तड़के करीब 4 बजे दानवीर की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, लेकिन अलीगढ़ पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है और परिजनों की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। मृतक दानवीर यादव की शादी तीन साल पहले हुई थी और उनकी पत्नी सीमा गर्भवती हैं। वह पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थे।

Leave a Reply