DniNews.Live

संभल में संविदा लाइनमैन की सड़क हादसे में मौत:दांत दर्द की दवाई लेकर लौटते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

संभल में एक संविदा लाइनमैन की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह शुक्रवार शाम को दांत दर्द की दवा लेकर घर लौट रहा था, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घायल अवस्था में वह करीब आधे घंटे तक सड़क किनारे पड़ा रहा। यह घटना जनपद संभल की चंदौसी तहसील के थाना बहजोई क्षेत्र में शहीद भगत सिंह पुलिस चौकी के निकट हुई। मृतक की पहचान मोहम्मद आमिर उर्फ नूरी (42) पुत्र अब्दुल सलाम के रूप में हुई है, जो गांव मझोला का निवासी था। अलविदा जुमे की नमाज के बाद आमिर बहजोई कस्बे में दांत दर्द की दवा लेने गया था। अस्पताल से घर लौटते समय चौकी से लगभग 10 कदम दूर एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। करीब आधे घंटे तक घायल आमिर सड़क किनारे खंदी में पड़ा रहा। उधर से गुजर रहे एक व्यक्ति ने उसे देखकर पुलिस को सूचना दी और परिजनों को हादसे के बारे में बताया।
परिवार के लोग आमिर को इलाज के लिए संभल, चंदौसी और फिर मुरादाबाद ले गए। रविवार रात को उसकी मौत हो गई। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के भाई तालिब ने बताया कि आमिर को एंबुलेंस से पहले चंदौसी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया और फिर अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मुरादाबाद ले जाया गया। मुरादाबाद में उनका ऑपरेशन भी हुआ, लेकिन सात दिन के इलाज के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मोहम्मद आमिर अपने पीछे पत्नी मेहराज बेगम और चार बच्चों को छोड़ गए हैं। बच्चों के नाम रिदा (9), हिरा (7), मननान (5) और तय्याबा (2.5) हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *