संभल के गुन्नौर तहसील के थाना रजपुरा क्षेत्र के खोयापुर गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान इंद्रेश यादव पत्नी सुबोध यादव के रूप में हुई है। उनकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं। ढाई साल की बेटी काव्या और एक साल का बेटा गोलू। परिजनों के अनुसार, इंद्रेश चार दिन पहले ही ससुराल लौटी थीं। मृतका के भाई सर्वेश ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसे कम दहेज लाने को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। हाल ही में पति द्वारा फोन पर चार लाख रुपये की मांग भी की गई थी। मायके पक्ष ने पति सुबोध यादव, ससुर खमानी, सास प्रवेश, जेठानी कमलेश और जेठ प्रमोद पर हत्या का आरोप लगाया है। बुधवार सुबह उन्हें इंद्रेश के फांसी पर लटके होने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी का है, हालांकि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply