DniNews.Live

संभल में वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत:होटल से खाना खाकर लौटते समय हादसा, अलीगढ़ ले जाते समय तोड़ा दम

संभल के मेरठ-बदायूं हाईवे पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार ग्रामीण की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने होटल से खाना खाकर घर लौट रहे ग्रामीण को टक्कर मार दी। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, लेकिन गंभीर हालत के कारण उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। यह घटना संभल जिले की गुन्नौर तहसील के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव फतेहपुर के पास हुई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय श्रीपाल पुत्र भूरे सिंह के रूप में हुई है, जो जुनावई थाना क्षेत्र के गांव घोंसली वाहन का निवासी था। गुरुवार रात करीब 10 बजे श्रीपाल गांव कादराबाद स्थित एक होटल से खाना खाकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे उच्च केंद्र (हायर सेंटर) अलीगढ़ रेफर कर दिया। परिवार के सदस्य उसे अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मृत्यु के बाद परिजन शव को वापस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार शाम 5 बजे गांव के श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। श्रीपाल अपने पीछे पत्नी भूरी देवी, दो बेटे गोकुल और अखिलेश, तथा चार बेटियों को छोड़ गए हैं। थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि सड़क हादसे में घायल ग्रामीण की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *