संभल में अवैध शराब बेचने के आरोप में मां-बेटे और एक युवक से मारपीट के मामले में नौ नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह घटना संभल जनपद के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चुन्नी में हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, शराब पीने से विपिन नामक एक युवक की मौत के बाद बीते रविवार को सैकड़ों लोगों ने सड़कों पर उतरकर कोतवाली चंदौसी तक प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने एक महिला के घर में तोड़फोड़ भी की। घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें भीड़ को उग्र होते और मारपीट करते देखा जा सकता है। चंदौसी थाना प्रभारी अनुज तोमर ने सोमवार को बताया कि सुरेंद्र की पत्नी रजनी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश सरकार में माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी के शहरी इलाके में आता है। दर्ज रिपोर्ट में अजय पुत्र दौलाराम, रवि पुत्र धनीराम, गौरी पत्नी शिशुपाल, अरविंद पुत्र जगदीशरण, शीतल पुत्री भूप सिंह, बिंदु पत्नी भूप सिंह, शशि पत्नी राजेंद्र, विनोद पुत्र फूल सिंह, देवु पुत्र नरेश सहित कई अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। प्रदर्शन के दौरान भीड़ में शामिल महिलाओं ने रजनी को थप्पड़ मारे। अपनी मां को पिटता देख बचाने आए बेटे अनुज को भी पीटा गया। इसी बीच, एक अन्य युवक जब उन्हें बचाने आया, तो भीड़ ने उसे भी दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।

Leave a Reply