संभल में बेमौसम बारिश और आंधी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार देर रात हुई तेज बारिश और हवा के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की पकी फसल गिर गई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है। सरसों और आलू की फसलें भी प्रभावित हुई हैं। शुक्रवार मध्यरात्रि 3 बजे से लगातार हुई बारिश के बाद संभल जनपद में गेहूं की फसल पूरी तरह से खेतों में बिछ गई है। सरसों की फसल को भी भारी नुकसान हुआ है। जनवरी में बारिश के कारण आलू की फसल पहले ही खराब हो चुकी थी, और अब बची हुई आलू की फसल भी प्रभावित हुई है, जिसकी खुदाई का काम चल रहा था। जनपद संभल में अधिकांश किसानों ने गेहूं की फसल बोई थी, जो पककर तैयार थी और अगले दो से तीन दिनों में कटाई शुरू होने वाली थी। लगभग 80 प्रतिशत आलू की खुदाई हो चुकी थी, जबकि 60 प्रतिशत सरसों की फसल काटी जा चुकी थी। तहसील संभल के गांव शहजादी सराय निवासी किसान भगवान दास सैनी ने बताया कि रात की तेज आंधी और सुबह से चल रही बारिश के साथ तेज हवाओं ने खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को खराब कर दिया है। उन्होंने अनुमान लगाया कि केवल 25 से 30 प्रतिशत फसल ही बच पाएगी। जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) अरुण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने विभागीय अधिकारियों से गेहूं, सरसों, आलू और अन्य फसलों को हुए नुकसान की रिपोर्ट मांगी है। यह रिपोर्ट शनिवार शाम तक आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी खराब हुई फसल का आकलन करने में जुटे हुए हैं। डीडीओ त्रिपाठी ने यह भी बताया कि जनपद में 33 प्रतिशत से अधिक फसल खराब होने पर उसे आपदा की श्रेणी में माना जाता है। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि आज की बारिश से बहुत अधिक फसल खराब होने की संभावना नहीं है।

Leave a Reply