संभल में एलपीजी गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद उपभोक्ता बुकिंग के बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान हैं। गैस खत्म होने पर लोग या तो लकड़ी के चूल्हे का इस्तेमाल कर रहे हैं या रिश्तेदारों और दोस्तों से सिलेंडर उधार लेकर काम चला रहे हैं। जनपद संभल में प्रतिदिन 12,500 सिलेंडर की डिलीवरी होती है, फिर भी गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) शिवि गर्ग ने दावा किया है कि जिले की 39 गैस एजेंसियों पर पर्याप्त गैस उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुकिंग का समय 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन है। जिले में कुल 4.50 लाख उपभोक्ता हैं। सभी एजेंसियों को उपभोक्ताओं के साथ अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। रविवार को संभल की डोडा गैस एजेंसी, अभिषेक भारत गैस एजेंसी, श्रीकल्कि गैस एजेंसी, कैलादेवी इंडियन गैस एजेंसी और संभल भारत गैस एजेंसी सहित कई एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रही। कुछ उपभोक्ता करीब 2 से 3 घंटे लाइन में लगने के बाद इसलिए खाली हाथ लौटे क्योंकि उनकी केवाईसी (अपने ग्राहक को जानें) पूरी नहीं थी, जिसके कारण बुकिंग नहीं हो पाई। हजारों उपभोक्ता ऐसे भी हैं जिन्होंने पिछले दो साल से अपनी केवाईसी अपडेट नहीं कराई है, जिससे उन्हें सिलेंडर मिलने में परेशानी हो रही है। महमूद खां सराय निवासी अंकित गुप्ता ने बताया कि उन्होंने 25 दिन पहले सिलेंडर बुक किया था। जब वह एजेंसी पर लेने गए तो उन्हें सिलेंडर देने से मना कर दिया गया और 25 दिन की बुकिंग के बाद भी 5 दिन और इंतजार करने को कहा गया। उन्होंने बताया कि घर का गुजारा चलाने के लिए दोस्त से एक सिलेंडर उधार लिया था, जिसे अब एक महीना हो गया है और उसे वापस करना है। गांव सलारपुर के जहीर हुसैन ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उन्होंने 25 तारीख को बुकिंग की थी, लेकिन अभी तक सिलेंडर नहीं मिला है। वह एजेंसी के तीन चक्कर लगा चुके हैं और हर बार उन्हें 3 से 4 दिन का और समय दिया जा रहा है। उनके घर का गुजारा लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाकर चल रहा है।

Leave a Reply