![]()
संभल में बारिश से 7 डिग्री पारा गिरा:ओले:-बारिश से गेहूं-मक्का बर्बाद; तापमान 25 डिग्री, AQI 101 दर्ज
संभल में तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम में बड़ा बदलाव आया है। दिन के मुकाबले शाम को हुई बारिश से तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं के कारण तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 101 दर्ज किया गया। मंगलवार शाम करीब 4 बजे संभल तहसील क्षेत्र में आसमान में काले बादल छा गए। लगभग 4:30 बजे हल्की बूंदाबांदी के बाद 10 मिनट तक तेज बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। सुबह 8 बजे 24 डिग्री सेल्सियस और दोपहर में 32 डिग्री सेल्सियस रहा तापमान बारिश के बाद गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। बारिश के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। दो दिन पहले हुई ओलावृष्टि के बाद आज फिर हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ओलावृष्टि से खेतों में सूख चुकी गेहूं की फसल बारिश से दोबारा गीली हो गई है, जिससे अब पूरी फसल खराब होने की आशंका है। गेहूं, मक्का और सरसों की फसल उगाने वाले किसानों को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। किसान अब सरकार से मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं। गांव मझोला फतेहपुर निवासी किसान जितेंद्र कुमार ने बताया कि संभल में ओलावृष्टि, बारिश और तेज हवाओं से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। किसानों द्वारा काटा गया गेहूं भीगकर फिर से जम गया है, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हो रहा है। ओलों के कारण गेहूं की बालियां भी टूट गई हैं। सरसों और मक्का की फसलें भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, ओलावृष्टि से मक्का की फसल पूरी तरह तबाह हो गई है।एक बाइक सवार विशाल कुमार ने कहा कि बारिश से मौसम अच्छा हुआ है और भीषण गर्मी से राहत मिली है, लेकिन किसानों को इस बारिश से काफी नुकसान हुआ है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply