संभल में 10 मिनट की बूंदाबांदी के बाद मौसम में बदलाव आया है। 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं के कारण ठंडक बढ़ गई है। सुबह का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 173 रहा। मौसम विभाग के बारिश के अलर्ट के बाद आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। शुक्रवार सुबह 8 बजे जनपद संभल का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जो बीते गुरुवार से 4 डिग्री सेल्सियस कम रहेगा। बदलते मौसम के कारण खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है, जिससे सरकारी और निजी अस्पतालों में भीड़ देखी जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. मनीष अरोड़ा ने लोगों को बदलते मौसम में बाहर की चीजों से परहेज करने और हल्के गुनगुने पानी का सेवन करने की सलाह दी है। फरवरी में अचानक गर्मी बढ़ने के बाद 4 मार्च को होली के दिन हुई बारिश से मौसम ने करवट ली थी, और तब से लगातार मौसम में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है, कभी गर्मी तो कभी बारिश के बाद ठंडक महसूस हो रही है। पिछले हफ्ते हुई बेमौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। गेहूं की लगभग 60 प्रतिशत फसल गिर गई है, जबकि बची हुई धान की 50 प्रतिशत और आलू की 20 प्रतिशत फसल भी प्रभावित हुई है। किसानों का कहना है कि जहां एक बीघा में ढाई क्विंटल गेहूं निकलता था, अब केवल एक क्विंटल ही निकलने की उम्मीद है। बारिश के कारण गेहूं की कटाई जो दो-तीन दिनों में शुरू होने वाली थी, वह भी प्रभावित हुई है। स्थानीय निवासी पुष्कल कुमार ने बताया कि सुबह हुई हल्की बारिश से मौसम में बदलाव आया है। कल पूरे दिन गर्मी थी, लेकिन रात से चल रही हवाओं से ठंडक बढ़ गई थी।

Leave a Reply