संभल में एक ग्राम प्रधान और उनके साथियों के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। यह घटना प्रधानी के चुनाव से चली आ रही पुरानी रंजिश का परिणाम बताई जा रही है। यह पूरा घटनाक्रम जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के गांव मिलक सिरसी का है। ग्राम प्रधान फय्याज पुत्र हबीब ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 मार्च को सलीम की पत्नी सुनार के अंतिम संस्कार से लौटते समय यह वारदात हुई। फय्याज के अनुसार, रास्ते में अफजल पुत्र हनीफ, इरफान पुत्र अफजल, सरताज व गुलजार पुत्र सत्तार, भूरा पुत्र अबरार, जरीफ पुत्र बाबू और तहजीब पुत्र जरीफ मिले। उन्होंने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज शुरू कर दी। जब इसका विरोध किया गया, तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान कई लोग मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव किया। इस घटना में शिकायतकर्ता फय्याज के हाथ और सिर में चोटें आईं, जबकि उनके चाचा अजीज पुत्र हमीद के सिर में खुली चोट लगी। थाना पुलिस ने दोनों घायलों को मेडिकल जांच के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय संभल भेजा है। पुलिस के अनुसार, रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सभी आरोपी गांव से फरार हो गए हैं। बुधवार को थाना प्रभारी सुधीर पंवार ने बताया कि सात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 115(2), 352, 351(3), 118(1), 110 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसआई विशांत कुमार को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, और घटना की सत्यता एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply