DniNews.Live

संभल में पिता-पुत्र को वाहन ने मारी टक्कर:बेटे की मौत, अमरोह से लौटते समय हुआ हादसा

संभल में एक सड़क हादसे में अमरोहा निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना सोमवार रात को उस समय हुई जब पिता-पुत्र ईंट भट्ठे से काम खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। सड़क हादसा संभल जनपद के थाना कैलादेवी क्षेत्र में आदमपुर-संभल मार्ग पर स्थित सौंधन मोहम्मदपुर गांव में एक गैस एजेंसी के पास हुआ। अमरोहा के थाना रेहरा के भूपपुरा गांव निवासी 75 वर्षीय रामगोपाल अपने 35 वर्षीय बेटे जगदेव के साथ संभल के एक ईंट भट्ठे पर काम से आए थे। सोमवार रात करीब 8 बजे घर लौटते समय एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस से घायल पिता-पुत्र को संभल के जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बेटे जगदेव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पिता रामगोपाल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पहचान होने के बाद परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद रात करीब 9 बजे परिजन अस्पताल पहुंचे और मृतक की पहचान की। सड़क हादसे में ग्रामीण युवक की मौत की सूचना पर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है। मृतक जगदेव अपने पीछे पत्नी शोभा और दो बेटों, 10 वर्षीय अंकित और 8 वर्षीय अनुज को छोड़ गए हैं। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और उसका पिता घायल है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *