DniNews.Live

संभल में परीक्षा देने निकली लापता बच्चियां मिलीं:परिजनों ने अपहरण का दावा किया था, पेपर के डर से रास्ता भटककर चंदौसी पहुंचीं

संभल पुलिस ने 36 घंटे की गहन तलाश के बाद घर से परीक्षा देने निकली दो लापता छात्राओं को बुधवार को चंदौसी से सकुशल बरामद कर लिया। बच्चियों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दोनों छात्राओं को उनके परिवार को सौंप दिया। यह घटना संभल जिले की तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव धनीपुर की है। गांव के सुरेश चंद्र की 15 वर्षीय पुत्री निधि यादव, जो जनता इंटर कॉलेज जुनावई में कक्षा 7 की छात्रा है, और सर्वेश की 10 वर्षीय पुत्री साधना, जो प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 5 में पढ़ती है, सोमवार सुबह करीब 8 बजे परीक्षा देने के लिए घर से निकली थीं। दोपहर 12 बजे तक घर वापस न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों में काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद शाम को उन्होंने थाना जुनावई पहुंचकर पुलिस को बच्चियों के लापता होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल तीन टीमों का गठन किया और खोजबीन शुरू कराई। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों छात्राएं जुनावई अड्डे तक जाती हुई दिखाई दीं, लेकिन उसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। इस पर परिजनों ने बच्चियों के अपहरण की आशंका जताई थी। पुलिस को अहम सफलता तब मिली जब दोनों छात्राएं चंदौसी में सकुशल पाई गईं। पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि वे परीक्षा के डर से घर से निकल गई थीं और रास्ता भटककर चंदौसी पहुंच गईं। चंदौसी पहुंचकर उन्होंने किसी तरह अपने परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को उनकी लोकेशन की जानकारी दी। पुलिस ने बच्चियों को अपने संरक्षण में लेकर सुरक्षित बरामद किया। मिशन शक्ति टीम द्वारा बच्चियों और उनके परिजनों की काउंसलिंग भी की गई। थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों छात्राओं को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *