संभल में परीक्षा देने स्कूल गईं दो छात्राएं 24 घंटे से अधिक समय से लापता हैं। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। परिजन भी लगातार उनकी खोजबीन कर रहे हैं। यह घटना संभल जिले की गुन्नौर तहसील के जुनावई थाना क्षेत्र के धनीपुर गांव की है। गांव निवासी सुरेश चंद्र की 15 वर्षीय बेटी निधि यादव जनता इंटर कॉलेज जुनावई में कक्षा 7 की छात्रा है। वहीं, सर्वेश की 10 वर्षीय बेटी साधना गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 5 में पढ़ती है। दोनों छात्राएं सोमवार सुबह करीब 8 बजे अपने-अपने स्कूल में परीक्षा देने के लिए घर से निकली थीं। दोपहर 12 बजे के बाद भी जब वे घर नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने पहले खुद तलाश शुरू की, लेकिन पता चला कि दोनों छात्राएं अपने-अपने स्कूल पहुंची ही नहीं थीं। शाम तक कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने जुनावई थाना पुलिस को शिकायत दी। थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल तीन टीमें बनाईं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। छात्राओं के अचानक लापता होने से ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है। निधि के पिता सुरेश चंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में आशंका जताई है कि उनकी बेटी का अपहरण कर लिया गया है। साधना के पिता सर्वेश ने बताया कि उनकी बेटी जुनावई पढ़ने गई थी, लेकिन मणि तक पहुंचने के बाद किसी ने उसे उठा लिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। मंगलवार को थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि पुलिस की तीन टीमें दोनों को तलाशने में लगी है। जुनावई अड्डे तक आई हुई दिख रही है लेकिन उसके बाद उनका कुछ पता नहीं चल रहा है।

Leave a Reply