DniNews.Live

संभल में दूसरे दिन 17,070 कॉपियों का मूल्यांकन:665 शिक्षकों ने जांचीं इंटर की 5727, हाईस्कूल की 11,343 उत्तर पुस्तिकाएं

संभल में यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य ने दूसरे दिन भी अपेक्षित गति नहीं पकड़ी। बुधवार से शुरू हुए मूल्यांकन के दूसरे दिन गुरुवार को भी कई केंद्रों पर कॉपियों की जांच शुरू नहीं हो पाई, जिससे व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) सर्वेश कुमार ने बताया कि दूसरे दिन इंटरमीडिएट की 5,727 और हाईस्कूल की 11,343 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। कुल 17,070 कॉपियों की जांच 665 अध्यापकों द्वारा की गई। दो दिनों में इंटरमीडिएट की कुल 7,553 और हाईस्कूल की 11,497 पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ है। जनपद में कुल दो लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाना है। इसके लिए पांच केंद्र बनाए गए हैं, जहां 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में पारदर्शिता से कॉपियों की जांच कराई जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात किए गए हैं, साथ ही कंट्रोल रूम से भी निगरानी रखी जा रही है। मूल्यांकन कार्य 18 मार्च से 1 अप्रैल तक चलेगा। कई केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य में देरी देखी गई। एसएम इंटर कॉलेज चंदौसी, इंटर कॉलेज बहजोई और शंकर भूषण शरण जनता इंटर कॉलेज संभल में दूसरे दिन भी हाईस्कूल की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू नहीं हो पाया। वहीं, हीरा देवी तोताराम कन्या इंटर कॉलेज बहजोई और आचार्य मुक्तेश हकीम रहीस इंटर कॉलेज संभल में इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच शुरू नहीं हो सकी। सभी परीक्षकों को पहचान पत्र जारी किए गए हैं और बिना आईडी के किसी को भी केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा, केंद्रों के खुलने और बंद होने की एंट्री रजिस्टर में अनिवार्य की गई है। इस वर्ष 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित यूपी बोर्ड परीक्षाओं में संभल जनपद से कुल 51,432 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें 27,786 इंटरमीडिएट और 23,646 हाईस्कूल के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। जिला प्रशासन ने मूल्यांकन कार्य को जल्द गति देने का दावा किया है, ताकि तय समय सीमा के भीतर परिणाम घोषित किए जा सकें।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *