DniNews.Live

संभल में चौथे दिन 24,613 कॉपियों का मूल्यांकन:647 शिक्षकों ने इंटरमीडिएट और हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाएं जांचीं

संभल में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य ने चौथे दिन गति पकड़ी है। रविवार को 24,613 से अधिक कॉपियों का मूल्यांकन किया गया। शनिवार को ईद उल फितर की छुट्टी के कारण मूल्यांकन कार्य नहीं हुआ था। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) सर्वेश कुमार ने बताया कि चौथे दिन इंटरमीडिएट की 9,432 और हाईस्कूल की 15,181 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। इस कार्य में कुल 647 अध्यापक शामिल रहे। चार दिनों में अब तक इंटरमीडिएट की कुल 24,537 और हाईस्कूल की 34,740 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो चुका है। यह मूल्यांकन कार्य 18 मार्च से 1 अप्रैल तक चलेगा। जनपद में दो लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाना है। इसके लिए पांच केंद्र बनाए गए हैं: एसएमई इंटर कॉलेज चंदौसी, इंटरमीडिएट इंटर कॉलेज बहजोई, हीरा देवी इंटर कॉलेज बहजोई, शंकर भूषण शरण जनता इंटर कॉलेज संभल और आचार्य मुक्तेश हकीम रईस इंटर कॉलेज संभल। इन सभी केंद्रों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में पारदर्शी तरीके से कॉपियों की जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, कंट्रोल रूम से भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। मूल्यांकन कार्य में लगे सभी परीक्षकों को पहचान पत्र जारी किए गए हैं। बिना वैध आईडी के किसी को भी केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं है। केंद्रों के खुलने और बंद होने का समय रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। इस वर्ष 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित यूपी बोर्ड परीक्षाओं में संभल जनपद से कुल 51,432 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनमें 27,786 इंटरमीडिएट और 23,646 हाईस्कूल के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। जिला प्रशासन ने मूल्यांकन कार्य को शीघ्रता से पूरा करने का दावा किया है, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर परीक्षा परिणाम घोषित किए जा सकें।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *