संभल में गैस सिलेंडर 8-10 दिन देरी से मिल रहे:उपभोक्ता परेशान, चाट विक्रेता कोयला भट्टी पर लौटे; अधिकारी बोले- कोई दिक्कत नहीं
![]()
संभल में गैस सिलेंडर 8-10 दिन देरी से मिल रहे:उपभोक्ता परेशान, चाट विक्रेता कोयला भट्टी पर लौटे; अधिकारी बोले- कोई दिक्कत नहीं
संभल में एलपीजी गैस सिलेंडर की डिलीवरी में 8 से 10 दिन की देरी हो रही है। बुकिंग के लिए ओटीपी आने के बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे वे काफी परेशान हैं। इस देरी के कारण कई छोटे व्यापारी, खासकर चाट-पकौड़ी बेचने वाले, अब कोयला भट्टी का इस्तेमाल करने लगे हैं। सोमवार को संभल कोतवाली क्षेत्र की तीन गैस एजेंसियों पर साप्ताहिक अवकाश था, जबकि अन्य पांच एजेंसियों पर उपभोक्ता केवाईसी और बुकिंग के लिए पहुंचे। चाट-पकौड़ी के अलावा अन्य रोजमर्रा के व्यापार करने वाले लोगों ने सिलेंडर की समस्या से बचने के लिए कोयला भट्टी का सहारा लेना शुरू कर दिया है। जनपद संभल में कुल 39 गैस एजेंसियां हैं, जिनसे 5 लाख से अधिक उपभोक्ता जुड़े हैं। इनमें 2 लाख प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना के कनेक्शन और 750 वाणिज्यिक कनेक्शन शामिल हैं। जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग ने बताया कि जनपद में गैस को लेकर कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से घबराने की अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को समय के अनुसार गैस उसके घर तक पहुंचेगी। अधिकारी के अनुसार, प्रतिदिन 13,000 उपभोक्ता गैस बुकिंग कर रहे हैं और इतने ही सिलेंडरों की डिलीवरी भी की जा रही है। हालांकि, कुछ उपभोक्ता इस स्थिति से जूझ रहे हैं। फतेहउल्लाह सराय के मोहम्मद इब्राहिम ने बताया कि उन्हें बहुत दिक्कत हो रही है क्योंकि वे बीमार हैं और उन्हें रोजाना गर्म पानी से नहाना पड़ता है। उन्हें घर का सिलेंडर कभी रसोई में तो कभी बाथरूम में लगाना पड़ता है। चाट-पकौड़ी का काम करने वाली रिंकू कुमार ने भी बताया कि सिलेंडर मिलने में काफी परेशानी हो रही थी, जिसके बाद उन्होंने कोयले की भट्टी लगा ली है और अब उसी से काम चला रही हैं। वहीं, डेरा सराय निवासी मोहम्मद तालिब का कहना है कि उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। उनका मानना है कि जब हर व्यक्ति एक साथ किसी चीज का इस्तेमाल करता है तो थोड़ी दिक्कत तो आती ही है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने 5 साल से सिलेंडर नहीं लिया और अब लेने आ रहे हैं, उन्हें थोड़ी परेशानी होगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
