DniNews.Live

संभल में गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारें:बुकिंग के 5 दिन बाद मिल रहा सिलेंडर, उपभोक्ता परेशान

संभल में ईद के अगले दिन गैस सिलेंडर की किल्लत और वितरण में देरी के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुकिंग के पांच दिन बाद सिलेंडर मिलने से लोग घंटों गैस एजेंसियों के बाहर इंतजार करने को मजबूर हैं। कई उपभोक्ता निराश होकर खाली हाथ लौट रहे हैं, और गैस खत्म होने पर लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने को विवश हैं। रविवार को जनपद संभल की 39 गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। जानकारी के अनुसार, 200 से अधिक उपभोक्ता पांच घंटे तक इंतजार करने के बाद भी बिना सिलेंडर के अपने घर लौट गए। छोटे बच्चों के साथ पहुंची कई महिलाओं को भी छह घंटे तक इंतजार करना पड़ा। 100 से अधिक ऐसे उपभोक्ता भी सामने आए जिनकी केवाईसी अधूरी थी, जिस कारण उन्हें सिलेंडर नहीं मिल सका। हालांकि, जिला पूर्ति अधिकारी शिवी गर्ग ने बताया कि जनपद संभल में गैस को लेकर कोई परेशानी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से घबराहट में बुकिंग न करने की अपील की। जनपद में कुल 4.50 लाख उपभोक्ता हैं। प्रतिदिन 12,500 से अधिक सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है, जबकि 13,000 से अधिक सिलेंडरों की बुकिंग हो रही है। अभिषेक गैस एजेंसी के मालिक अभिषेक गुप्ता ने भी स्टॉक पूरा होने और कंपनी से भरपूर गैस आने की बात कही। उन्होंने बताया कि ‘पैनिक बुकिंग’ के कारण थोड़ी परेशानी आ रही है। पहले बुकिंग करने वालों को पहले गैस मिलती है। उनकी एजेंसी से प्रतिदिन 500 सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं और लगभग 1200 सिलेंडरों का स्टॉक है, जिससे एक-दो दिन की पेंडिंग चल रही है। एक उपभोक्ता लक्ष्मी ने बताया कि वह अपनी मां का सिलेंडर लेने आई थीं, जिसकी बुकिंग तीन-चार दिन पहले की गई थी। लेकिन केवाईसी अधूरी होने के कारण उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सिलेंडर नहीं देना है तो कनेक्शन खत्म क्यों नहीं कर देते, उपभोक्ताओं को परेशान क्यों किया जा रहा है। गांव सलारपुर कलां निवासी शकील खान ने कहा कि गैस को लेकर ईद के त्योहार पर भी परेशान होना पड़ा है। बुकिंग के 5 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिला है, कल भी आए थे और आज भी आए हैं अभी भी सिलेंडर नहीं मिला। पूछने पर कहा है कि आज भी बुक करोगे तो 5 दिन के बाद ही मिलेगा। गुजर इधर-उधर से लकड़ी से चूल्हा जलाकर कर रहे हैं। आस मौहम्मद ने कहा कि सिलेंडर बुक करने के बाद भी आज भी सिलेंडर नहीं मिला है 2 दिन से चक्कर लगा रहें है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *