संभल जिले में 4.50 लाख गैस उपभोक्ताओं में से लगभग 15,000 उपभोक्ता केवाईसी अधूरी होने या मोबाइल नंबर बदलने के कारण परेशानी का सामना कर रहे हैं। उन्हें गैस सिलेंडर मिलने में देरी हो रही है, जिससे कई लोग लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं। डोडा गैस एजेंसी की उपभोक्ता रेशमा देवी, जो थाना नखासा क्षेत्र के दीपा सराय की निवासी हैं, को 6 अंकों के ओटीपी की जगह 8 अंकों का ओटीपी मांगा जा रहा है। इस तकनीकी समस्या के कारण वह पिछले 10 दिनों से गैस सिलेंडर बुक नहीं कर पा रही हैं और एजेंसी के चक्कर लगा रही हैं। उपभोक्ताओं को ओटीपी आने के बाद 5 दिनों के भीतर सिलेंडर डिलीवर किए जा रहे हैं। हालांकि, कुछ गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं के साथ सही तालमेल न होने के कारण उन्हें तीन-चार घंटे लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। कैलादेवी गैस एजेंसी पर कुछ उपभोक्ताओं को ओटीपी आने के दूसरे दिन से लेकर पांच दिन तक सिलेंडर मिला है। नूरियों सराय के अली हसन ने बताया कि 25 मार्च को बुकिंग कराने के बाद 5 दिन बाद ओटीपी आया और उन्हें आज सिलेंडर मिला। वहीं, बिछोली के नासिर और नगला के आसिफ ने 2-3 दिन पहले बुकिंग कराने के बाद आज सिलेंडर मिलने की जानकारी दी, उन्हें कोई खास दिक्कत नहीं हुई। मौहल्ला कोट पूर्वी के अजय रस्तोगी को भी जल्द सिलेंडर मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply