![]()
संभल में किसान यूनियन ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा:विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की, भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगाने की मांग
संभल में भारतीय किसान यूनियन (बीआरएसएस) भारत राष्ट्रीय सेवक संघ के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी निधि पटेल को ज्ञापन सौंपा। जिला सलाहकार सरदार गुरु वचन सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई। संगठन ने प्रशासनिक भ्रष्टाचार पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जनहितकारी सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक ठीक से नहीं पहुँच पा रहा है। जिला अध्यक्ष कामेन्द्र चौधरी ने बताया कि सरकार किसानों और आमजन के लिए कई योजनाएँ चला रही है, लेकिन जनपद स्तर पर व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण लोगों को उनका अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आवास योजना, राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन और विधवा पेंशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं में अनियमितताएँ हैं, जिससे पात्र लाभार्थी वंचित रह जाते हैं। जलभराव से बीमारियों का खतरा बढ़ रहा युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने क्षेत्रीय समस्याओं को उजागर करते हुए बताया कि ग्राम चमरौआ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दवाइयों की कमी है, जिससे मरीजों को परेशानी होती है। ग्राम रहमापुर में सफाईकर्मी केवल कागजों में ही तैनात हैं, जबकि ज़मीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था बदहाल है। इसके अतिरिक्त, ग्राम हिसामपुर में एक मुख्य मार्ग जर्जर हालत में है, जहाँ जलभराव से बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि ग्राम मेहराना में सीसी खड़ंजे का निर्माण कार्य अधूरा है, जिसे शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए। संगठन ने निजी स्कूलों की मनमानी फीस वसूली और तहसील स्तर पर फैले भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगाने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो भारतीय किसान यूनियन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपते समय संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply