DniNews.Live

संभल में ई-रिक्शा खड़ा करने पर विवाद, मारपीट:मां-बेटा घायल अस्पताल में भर्ती, देवर पर मारपीट का आरोप

सम्भल के हयातनगर थाना क्षेत्र के हसनपुर मुंजबता गांव में ई-रिक्शा खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में मां और बेटा घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष ने अपने देवर और उसके परिवार पर मारपीट का आरोप लगाया है। घायलों की पहचान नूर जहाँ पत्नी जद्दन और उनके पुत्र शादाब के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दे दी गई है। नूर जहाँ ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके देवर मिद्दन और उसके परिवार के सदस्य पुरानी रंजिश के चलते अक्सर विवाद करते रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले भी उनके बच्चों, विशेषकर लड़कियों के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें एक लड़की का सिर फूट गया था। उस समय पारिवारिक संबंधों को देखते हुए उन्होंने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार को वे अपने घर के पास आलू छांटने का काम कर रही थीं। तभी आरोपियों ने उनके ई-रिक्शा को रास्ते में खड़ा करने का विरोध किया। यह मामूली कहासुनी जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि हमलावरों ने न केवल ई-रिक्शा में तोड़फोड़ की, बल्कि गाली-गलौज करते हुए महिलाओं और बच्चों को भी पीटा। नूर जहाँ ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को अकेला पाकर हमला किया और गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्होंने पुलिस से इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेजने की मांग की है। थाना पुलिस ने बताया कि उन्हें तहरीर मिल गई है और घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *