DniNews.Live

संभल में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर:नई बाइक दिखाने जा रहे जीजा-साले गंभीर रुप से घायल, हायर सेंटर रेफर

संभल में मंगलवार देर शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा-साले गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना नखासा क्षेत्र के खेड़ा चौराहे पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घायलों में साले जावेद की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। रुकुनुद्दीन सराय निवासी जावेद ने हाल ही में एक नई अपाचे बाइक खरीदी थी। वह अपनी नई बाइक की खुशी में अपने जीजा इमरान के साथ दरगाह पर नियाज़ दिलाने गए थे। इसके बाद दोनों अपनी नानी के घर बाइक दिखाने और नियाज़ बांटने पहुंचे। नानी के घर से लौटते समय जैसे ही उनकी बाइक खेड़ा चौराहे पर पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जावेद की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। जीजा इमरान का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। घायल जावेद की बहन और इमरान की पत्नी उमरा ने बताया कि दोनों नानी के घर से वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलने पर थाना नखासा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *