DniNews.Live

संतकबीर नगर में छात्रों ने रोबोटिक्स, AI तकनीकें सीखीं:वैज्ञानिक शोध प्रयोगशालाओं का भ्रमण किया

संत कबीर नगर में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत जिला विज्ञान क्लब द्वारा एक वैज्ञानिक शोध प्रयोगशालाओं और औद्योगिक संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विज्ञान लोकप्रियकरण एवं संचार था, जिसमें जनपद के कक्षा 9 से 12 तक के 10 विद्यालयों के 115 मेधावी छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ एडीएम (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह और जिला विद्यालय निरीक्षक, संत कबीर नगर हरिश्चंद्र नाथ ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर एडीएम चंद्रेश कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे वैज्ञानिक भ्रमण विद्यार्थियों की जिज्ञासा बढ़ाते हैं और उन्हें नवाचार की दिशा में प्रेरित करते हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ ने व्यावहारिक अनुभव को वास्तविक शिक्षा का आधार बताया। इस भ्रमण में डॉ. नीतू यादव (समन्वयक, जिला विज्ञान क्लब), डॉ. अभिषेक कुमार सिंह (सह-समन्वयक), निशा यादव (पूर्व समन्वयक), नीलम राय (प्रधानाध्यापिका), विजय राज सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
भ्रमण के दौरान, छात्र-छात्राएं सर्वप्रथम KIPM कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, गीडा, गोरखपुर पहुंचे। यहां उन्हें इनोवेशन एवं इनक्यूबेशन सेंटर का अवलोकन कराया गया। विद्यार्थियों को रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संबंधित विभिन्न प्रयोगों और तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, उन्हें फार्मेसी एवं इंजीनियरिंग से संबंधित प्रयोगशालाओं और वर्कशॉप्स का भी विस्तृत परिचय कराया गया। KIPM संस्थान में मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग एवं तकनीक की वास्तविक दुनिया से जोड़ना है। इसके पश्चात, छात्र-छात्राएं कौशिक बेवरेज, गीडा, गोरखपुर पहुंचे। यहां उन्होंने आधुनिक मशीनों के माध्यम से पूर्णतः स्वचालित प्रणाली द्वारा जल शुद्धिकरण, बोतल निर्माण एवं पैकेजिंग की प्रक्रिया को समझा। इस पूरे कार्यक्रम का समन्वय KIPM संस्थान में मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद सिंह, इंचार्ज एडमिशन सेल एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा डायरेक्टर, आकाशवाणी (रेडियो 90.8) गोरखपुर वी. पी. सिंह द्वारा किया गया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *