संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने शुक्रवार को नाथनगर ब्लॉक मुख्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन बीडीओ कार्यालय भवन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और इसकी जांच के आदेश दिए। जिलाधिकारी के जाते ही बीडीओ ने भवन की दीवारें तुड़वाना शुरू कर दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ब्लॉक क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं का अभिलेखीय जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन बीडीओ कार्यालय का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच में भवन में लगाई जा रही ईंट की गुणवत्ता खराब पाई गई और दीवारें भी टेढ़ी मिलीं। इस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने का निर्देश दिया। डीएम ने ब्लॉक कार्यालय में रखी जर्जर अलमारियों को हटवाकर तत्काल नए संसाधन खरीदने का भी निर्देश दिया। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कहा। जिलाधिकारी ने परिसर में लगे ऑटोमेटिक रेन गेज का भी निरीक्षण किया। सीडीपीओ कार्यालय के निरीक्षण के दौरान सीडीपीओ की अनुपस्थिति पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। ब्लॉक परिसर में अव्यवस्थित ढंग से बिखरे बैलेट बॉक्स के बारे में पूछने पर बीडीओ ने बताया कि वे जर्जर होने के कारण प्रयोग में नहीं हैं। इस पर जिलाधिकारी ने उन्हें नष्ट कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान डीडीओ प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, बीडीओ कुलदीप कुमार, थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पांडेय, एडीओ ग्राम विकास अभय प्रताप सिंह, निवर्तमान लेखाकार दीपक कुमार सिंह, एडीओ पंचायत सतीश कुशवाहा, ब्लॉक टीए संजय कुमार पांडेय, विनय तिवारी, रामराज, जयंत कुमार सहित कई ब्लॉक कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply