बलिया जनपद के गड़वार स्थित श्री जंगली बाबा धाम में संत श्री जंगली बाबा के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में यज्ञ के ध्वज का विधि-विधान से पूजन किया गया। यह आयोजन आगामी निर्वाण शताब्दी महा महोत्सव की तैयारियों के तहत हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आस्था के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम में परम सिद्ध संत परमेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज (उड़िया बाबा) एवं रामभद्र बालक बाबा जी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए धर्म और भक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। संत शिरोमणि श्री जंगली बाबा का जन्मोत्सव उनके समाधि स्थल स्थित मंदिर परिसर में मनाया गया, जिसमें बाबा का भव्य श्रृंगार, पादुकाभिषेक, पूजन और आरती विधिवत संपन्न हुई।
वहीं आचार्य पंडित राहुल उपाध्याय के संयोजन में चल रहे नवदिवसीय नवचंडी पाठ की पूर्णाहुति भी वैदिक रीति से कराई गई। कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर पुजारी सुरेश उपाध्याय, रूपेश उपाध्याय, बिट्टू उपाध्याय, सतीश उपाध्याय सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि संत श्री जंगली बाबा का निर्वाण शताब्दी महा महोत्सव आगामी 28 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply