श्रीपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मगहा मध्य विद्यालय के पास छापेमारी कर 14.580 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। इस दौरान एक बाइक जब्त करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार भी किया गया। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो युवक अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की खेप लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विद्यालय के पास घेराबंदी की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक से 14.58 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के चौराचौरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अशोगवा गांव निवासी अल्ताफ अंसारी और सिवान जिले के दुरौंधा थाना क्षेत्र निवासी रविकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जब्त की गई बाइक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
https://ift.tt/J4gia7x
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live