श्रावस्ती जनपद के भिनगा कोतवाली क्षेत्र के बैरागी जोत गांव में एक 16 वर्षीय किशोर का शव मकई के खेत में फंदे से लटका मिला है। इस संदिग्ध मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शंकर लाल (लगभग 16 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बीती देर शाम घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रात भर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर स्थित मकई के खेत में बने अंटे के सहारे उसका शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि शंकर लाल अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता राम कुमार और माता शांति देवी दोनों शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं। परिवार में उसकी एक लगभग 10 वर्षीय छोटी बहन पूजा कुमारी भी है। शंकर पढ़ाई के साथ वीडियोग्राफी का काम करके परिवार का भरण-पोषण करता था और खेती-किसानी में भी हाथ बंटाता था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। बताया जा रहा है कि यह मकई का खेत किशोर का ही था। मृतक के चचेरे भाई अवधेश ने कहा कि यह आत्महत्या है या किसी अनहोनी का परिणाम, यह जांच का विषय है। पुलिस ने भी कहा है कि जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। फिलहाल, गांव में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

Leave a Reply