DniNews.Live

शोहरतगढ़ में सपा का शक्ति प्रदर्शन:किसान-नौजवान-मजदूर सम्मेलन में सरकार पर साधा निशाना, 2027 की तैयारी का किया आह्वान

रविवार को शोहरतगढ़ कस्बे के निकट अंसारी हॉस्पिटल के बगल मैदान में समाजवादी पार्टी ने किसान, नौजवान और मजदूर सम्मेलन का आयोजन किया। इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोग उमड़े। पूर्व विधायक और सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर तीखे हमले किए और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी का आह्वान किया। मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी बस्ती के सांसद व पूर्व मंत्री रामप्रसाद चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और अन्य मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा करने वाली सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है, जिससे युवाओं में बेरोजगारी तेजी से बढ़ी है। पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव उर्फ ललई यादव ने कहा कि रसोई गैस, खाद और रोजगार जैसी बुनियादी जरूरतें आम आदमी की पहुंच से दूर होती जा रही हैं। उन्होंने जोर दिया कि पीडीए समाज के जागरूक और एकजुट होने से ही जनता के अधिकारों की लड़ाई मजबूत होगी और बदलाव संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम के आयोजक व पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह ने कहा कि उन्होंने हमेशा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में जनसेवा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से किसान, नौजवान, महिलाएं और मजदूर सबसे अधिक प्रभावित हैं। डुमरियागंज की विधायक सैय्यदा खातून ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति अपराध बढ़े हैं और किसानों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने ऐसी सरकार की आवश्यकता पर बल दिया जो सभी वर्गों के हितों की रक्षा करे और उन्हें सम्मान दिलाए।
सम्मेलन को जिलाध्यक्ष लालजी यादव, डॉ. वेद प्रकाश, जोखन यादव, घिसियावन यादव, राममिलन भारती, धर्मेंद्र सोलंकी, कमरुज्जमा, अलाउद्दीन, बहरैची, विभा शुक्ला, जावेद अहमद, बेचई यादव, पारस नाथ विश्वकर्मा, हरीराम यादव और इंदू पासवान समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने एक स्वर में पार्टी को मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को जीत दिलाने का संकल्प लिया।

सम्मेलन में उमड़ी भीड़ को लेकर पार्टी नेताओं ने इसे जनता के समर्थन का संकेत बताया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और हर वर्ग तक पहुंच बनाने की जरूरत है, ताकि आगामी चुनाव में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकें।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *