![]()
शीरा स्टॉक में गड़बड़ी, मिल के तीन अधिकारियों पर केस:कार्यकारी निदेशक समेत 3 पर उत्तर प्रदेश शीरा नियंत्रण अधिनियम के तहत FIR
हरदोई के शाहाबाद स्थित डीसीएम श्रीराम लिमिटेड की चीनी इकाई लोनी में शीरे के स्टॉक में बड़ी अनियमितता सामने आई है। जिला आबकारी अधिकारी के औचक निरीक्षण के दौरान अभिलेखों और वास्तविक स्टॉक में 1699.67 कुंतल का अंतर पाया गया। इस मामले में मिल के कार्यकारी निदेशक सहित तीन अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जिला आबकारी अधिकारी केपी सिंह ने बताया कि 16 मार्च को उनकी टीम ने चीनी मिल का निरीक्षण किया था। इस दौरान गन्ना उत्पादक सहकारी समिति के सचिव बृजभूषण शाक्य, उप आबकारी निरीक्षक सुशील कुमार और मिल के अधिकृत प्रतिनिधि दिव्येश तिवारी मौके पर मौजूद थे। जांच में सामने आया कि वर्ष 2025-26 में उत्पादित शीरा दो टैंकों में रखा गया था। भौतिक सत्यापन में कुल 2,25,952.27 कुंतल शीरा मिला, जबकि अभिलेखों में 2,24,252.60 कुंतल दर्ज था। इस बड़े अंतर को गंभीर अनियमितता मानते हुए कार्यकारी निदेशक रोशनलाल टामक, यूनिट हेड संजीव तोमर और शीरा प्रबंधक दिव्येश तिवारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। यह मामला उत्तर प्रदेश शीरा नियंत्रण अधिनियम के उल्लंघन से संबंधित है। अधिकारियों के अनुसार, शीरे का उपयोग अल्कोहल और मदिरा निर्माण में होता है, जिससे सरकार को आबकारी राजस्व प्राप्त होता है। स्टॉक में इस तरह की गड़बड़ी से राजस्व हानि की आशंका जताई गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply