‘अगर पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं है तो लोग लाइनों में क्यों लगे हैं। हकीकत यह है कि भाजपा ने केवल प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश को लूटने का काम किया है और जनता से सिर्फ झूठे वादे किए हैं। सपा और पीडीए के लोग एकजुट हैं। पीडीए के गठन से भारतीय जनता पार्टी घबराई हुई है। 2027 में पीडीए की ही सरकार बनेगी।’ यह बातें सपा के सीनियर लीडर शिवपाल सिंह यादव ने कानपुर में कहीं। वह यहां सीसामऊ की विधायक नसीम सोलंकी की ओर से होली और ईद मिलन समारोह में शामिल होने आए हुए थे। शिवपाल यादव ने पीएम नरेंद्र मोदी के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने सपा पर प्रदेश को एटीएम कार्ड की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था,पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने ही जनता को लूटने का काम किया है, जिससे लोग परेशान हो चुके हैं। मंच पर भावुक हुईं नसीम, शायराना अंदाज में बोलीं-‘यह निजाम आखिरी है’ शहर के जीआईसी मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिवपाल यादव के साथ नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय भी शामिल हुए। कार्यक्रम में सपा विधायक रागिनी सोनकर भी मौजूद रहीं। होली और ईद मिलन कार्यक्रम का आयोजन सपा विधायक नसीम सोलंकी ने कराया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए एकता और भाईचारे का संदेश देने की कोशिश की। इस दौरान नसीम सोलंकी मंच पर भावुक हो गईं। उनके आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने चुनाव के वे दिन याद आ गए, जब यही लोग इसी मंच पर साथ मौजूद थे। इसलिए वह भावुक हो गईं। अपने संबोधन के आखिर में उन्होंने शायरी सुनाते हुए कहा “जो जुल्म हो रहा था, न यह सुबह आखिरी है, न यह शाम आखिरी है, जहां जुल्म की कसरत हो, वो निजाम आखिरी है। शिवपाल बोले- पीडीए से भाजपा घबराई
समारोह के बाद मीडिया से बात के दौरान पीडीए की बढ़ती ताकत से भाजपा बुरी तरह घबराई हुई है। यह कुछ गिने-चुने पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है। जबकि आम जनता से सिर्फ वादे किए जा रहे हैं। पार्टी के पोस्टर में आजम खान की फोटो नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि आजम खान पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और दो बार सांसद रह चुके हैं, वह बड़े नेता हैं और रहेंगे। साथ ही उन्होंने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में अब सिर्फ आउटसोर्सिंग की नौकरियां ही बची हैं।

Leave a Reply