उन्नाव जिले में शुक्रवार को शिया समुदाय के लोगों ने शिया जामा मस्जिद में जुमे की नमाज काली पट्टी बांधकर अदा की। यह विरोध ईरान के सुप्रीम लीडर सैय्यद अली खामनाई की शहादत के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से दर्ज कराया गया। नमाज के बाद अमन-चैन और विश्व शांति की दुआ भी की गई। मस्जिद परिसर में बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद थे। शिया समुदाय ने काली पट्टी बांधकर प्रतीकात्मक विरोध जताया, जिसे शोक और विरोध व्यक्त करने का शांतिपूर्ण तरीका बताया गया। इस दौरान सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पुलिस प्रशासन पहले से ही सतर्क था और मस्जिद के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई थी। इसी बीच, जिले में अलविदा ईद और ईद-उल-फितर की नमाज को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शुक्रवार दोपहर अलविदा ईद की नमाज अदा की जानी है, जबकि चांद दिखने के बाद शनिवार को ईद मनाए जाने की संभावना है। इसे देखते हुए जिले के सभी प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। शहर के ईदगाहों, बड़ी मस्जिदों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस, पीएसी और खुफिया विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। अधिकारियों ने नमाज स्थलों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने बताया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने और नियमित गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नगर पालिका परिषद द्वारा नमाज स्थलों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी अलर्ट पर हैं। प्रशासन ने नागरिकों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए सहयोग की अपेक्षा की है।

Leave a Reply