शिक्षिका को नशीला पदार्थ पिलाकर किया दुष्कर्म:सहकर्मी और शिक्षक पर है आरोप, ब्लैकमेल कर 1 लाख रुपए की कर रहे मांग
![]()
शिक्षिका को नशीला पदार्थ पिलाकर किया दुष्कर्म:सहकर्मी और शिक्षक पर है आरोप, ब्लैकमेल कर 1 लाख रुपए की कर रहे मांग
आगरा में एक महिला शिक्षिका ने अपनी ही महिला सहकर्मी और एक शिक्षक पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया और फिर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच ली गईं, जिनके आधार पर उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने पहले विश्वास में लेकर उसे अपने जाल में फंसाया। एक मुलाकात के दौरान उसे नशीला पेय पिलाया गया, जिसके बाद वह असहज हो गई। इसी दौरान उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और सामग्री तैयार कर ली गईं। इसके बाद आरोपियों ने इन तस्वीरों के जरिए उसे धमकाना शुरू किया और एक लाख रुपये की मांग की।
शिकायत में यह भी आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी शिक्षक ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, फोटो वायरल करने की धमकी दी गई और कथित तौर पर कुछ तस्वीरें उसके परिवार तक भी भेज दी गईं, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गई। पीड़िता ने बताया कि उसे लगातार कॉल और मैसेज के जरिए धमकाया जाता रहा। आरोपियों ने उसे चुप रहने के लिए दबाव बनाया और सामाजिक बदनामी का डर दिखाया। मामले के सामने आने के बाद शिक्षा जगत और शहर में हड़कंप मच गया है। फिलहाल थाना न्यू आगरा पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल, चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस सनसनीखेज मामले को लेकर अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
