DniNews.Live

शाहजहांपुर में स्मैक तस्कर की 80 करोड़ की संपति फ्रीज:8 खेत और दो मकानों पर कार्रवाई, सत्तापक्ष के विधायक ने कांप्लेक्स का काटा था फीता

शाहजहांपुर पुलिस ने एक स्मैक तस्कर रियाज उर्फ बाबू पडेरा की लगभग 80 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीज कर दी है। यह कार्रवाई एसपी राजेश द्विवेदी के निर्देश पर की गई। फ्रीज की गई संपत्तियों में आठ खेत, दो मकान, दो ईंट के भट्टे, एक कॉम्प्लेक्स, एक कार और दो ट्रैक्टर शामिल हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और संपत्तियों पर बोर्ड लगाए गए। कटरा थाना क्षेत्र का निवासी रियाज उर्फ बाबू पडेरा कई वर्षों से स्मैक तस्करी में लिप्त था। उसे पहले भी दूसरे राज्य की पुलिस ने इसी आरोप में गिरफ्तार किया था। जेल से छूटने के बाद भी उसने अपनी अवैध गतिविधियां जारी रखीं और करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की। उसने दो आलीशान मकान, एक कॉम्प्लेक्स और कई बीघा खेत और ईट के भट्टे भी खरीदे थे। पिछले दो महीनों में पुलिस ने कई स्मैक तस्करों को पकड़ा, जिन्होंने पूछताछ में रियाज उर्फ बाबू पडेरा से स्मैक खरीदने की बात कबूली। इसके बाद पुलिस ने रियाज को भी स्मैक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी मामले में अब उसकी अवैध रूप से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि करीब 80 करोड़ रुपये की संपत्ति को फ्रीज किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी रहेगी। जानकारी के अनुसार, आरोपी रियाज ने अपने काले कारनामों को छिपाने के लिए एक कॉम्प्लेक्स खोला था। उसने राजनीति में अपनी पहचान बनाने के लिए भी काफी पैसा खर्च किया था। बताया जाता है कि उसके इसी कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन सत्ता पक्ष के एक विधायक ने किया था।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *