शाहजहांपुर में शिवलिंग खंडित किए जाने के आरोप को लेकर हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों ने हंगामा किया। उनका आरोप है कि दूसरे समुदाय के एक युवक ने शिवलिंग को जानबूझकर खंडित किया है। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार मौके पर पहुंचे और बताया कि सड़क चौड़ीकरण के कार्य के दौरान मजदूरों ने शिवलिंग को हटाया था, जिसे अब नया चबूतरा बनाकर पुनः स्थापित कर दिया गया है। यह घटना चौक कोतवाली क्षेत्र के बरेली मोड़ स्थित खाटू श्याम मंदिर के सामने एक पीपल के पेड़ के पास हुई। हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों ने कहा कि, यहां करीब तीस साल से एक शिवलिंग स्थापित था। मंगलवार दोपहर जब लोगों की नजर पड़ी तो शिवलिंग अपने चबूतरे से हटा हुआ था। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में इस घटना को लेकर आक्रोश है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उस क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा था। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने ही शिवलिंग को वहां से हटाया था। कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया- शिवलिंग को नया चबूतरा बनवाकर दोबारा स्थापित कर दिया गया है। उन्हें एक शिकायत पत्र मिला है, जिसमें शिवलिंग तोड़ने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आरोपों की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply