शाहजहांपुर में पिकअप की टक्कर से एक बाइक सवार महिला की मौत हो गई। इस हादसे में बाइक चला रहा उसका भतीजा घायल हो गया। मृतका की पहचान मिर्जापुर थाना क्षेत्र के जरियनपुर निवासी 40 वर्षीय गीता देवी के रूप में हुई है। वह अपने भतीजे राहुल के साथ लोन लेने जलालाबाद जा रही थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना जलालाबाद के रायपुर पुलिया के पास हुई। पीछे से आ रही एक पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गीता देवी और राहुल दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गीता देवी को मृत घोषित कर दिया। घायल भतीजे राहुल का इलाज जारी है। परिजनों ने बताया कि गीता देवी बीमा समूह से लोन लेने के लिए जलालाबाद स्थित कार्यालय जा रही थीं। मृतका के पति खेतीबाड़ी करते हैं और उनकी चार बेटियां हैं।

Leave a Reply