शाहजहांपुर में बुलडोजर से तोड़ी गई शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह की प्रतिमाओं को गुरुवार को उसी स्थान पर फिर से स्थापित कर दिया गया है। इस दौरान नगर आयुक्त और महापौर समेत कई पार्षद मौजूद रहे। ये प्रतिमाएं 22 मार्च की रात गांधी भवन के पास कार्यदायी फर्म फ्लाई इंफाटेक द्वारा बुलडोजर से गिरा दी गई थीं। इस घटना के वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद भारी हंगामा हुआ था। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी इस मामले पर सरकार पर निशाना साधा था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पूरे मामले का संज्ञान लिया था। उन्होंने संबंधित फर्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, उसे ब्लैकलिस्ट करने और जिम्मेदार जेई व एई को निलंबित करने के निर्देश दिए थे। साथ ही, 24 घंटे के भीतर प्रतिमाओं को सम्मानपूर्वक उसी स्थान पर पुनः स्थापित करने का आदेश दिया गया था। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद नगर निगम ने दिन-रात काम करते हुए प्रतिमाओं को उसी स्थान पर स्थापित किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त डॉ. विपिन मिश्रा और महापौर अर्चना वर्मा ने पार्षदों के साथ मिलकर माल्यार्पण किया और शहीदों को नमन किया। नगर आयुक्त डॉ. विपिन मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर तोड़ी गई प्रतिमाओं को पुनः स्थापित कर दिया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यहां सौंदर्यीकरण का कार्य जारी है, जिसे निर्धारित समय पर पूरा कर लिया जाएगा। महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि प्रतिमाओं को पूरे सम्मान के साथ स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि जब सौंदर्यीकरण का पूरा कार्य संपन्न हो जाएगा, तब सभी लोगों को आमंत्रित कर इसका विधिवत उद्घाटन किया जाएगा।

Leave a Reply