![]()
शाहजहांपुर में जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण:मकान सूचीकरण और डिजिटल फॉर्मिंग पर जोर, 1000 कार्मिकों की तैनाती के लिए ट्रेनिंग
शाहजहांपुर में जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया। यह प्रशिक्षण एक होटल में देर शाम तक चला, जिसमें जनगणना प्रक्रिया को सुचारु और सफल बनाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मास्टर ट्रेनर्स ने जनगणना चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान एडीएम ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लंबे समय बाद जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो रही है, जिसे सफलतापूर्वक संपन्न कराना है। सभी से गहनता से प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील की गई। शाहजहांपुर में 1000 कार्मिक तैनात होंगे जिलाधिकारी ने बताया कि शहर में जनगणना कार्य के लिए लगभग 1000 कार्मिकों की आवश्यकता होगी। इसके लिए 104 फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा रही है। प्रशिक्षण के बाद परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें सफल अभ्यर्थियों को ही कार्य में लगाया जाएगा। उन्होंने जनगणना बिंदुओं पर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। सेल्फ एन्यूमरेटर और ऑनलाइन फॉर्मिंग पर जोर जनगणना में सेल्फ एन्यूमरेटर व्यवस्था लागू करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए प्रेरित करना है। प्रथम चरण: मकान सूचीकरण और विवरण संकलन प्रशिक्षण में जनगणना के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” से संबंधित दिशा-निर्देशों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस चरण में क्षेत्र के सभी भवनों, आवासीय और गैर-आवासीय, का व्यवस्थित विवरण संकलित किया जाएगा। अधिकारियों को सही प्रपत्रों के संकलन, डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। समन्वय और जिम्मेदारी पर जोर त्रुटिरहित कार्य सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक सूचियाँ उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। बीएसए, डीसी और डीपीआरओ सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी, गंभीरता और सजगता के साथ संपन्न कराने के लिए निर्देशित किया गया।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply