शाहजहांपुर के सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र में एक खेत से महिला का सिर का कंकाल मिला है। पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर लंबे बाल और ब्लाउज जैसे कपड़े भी मिले हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि यह कंकाल किसी महिला का है, जिसकी पहचान डीएनए जांच के जरिए की जाएगी। यह घटना सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के बरेंग गांव की है। शनिवार दोपहर एक किसान अपने सरसों के खेत में काम कर रहा था, तभी उसकी नजर कंकाल पर पड़ी। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सिर के कंकाल को कब्जे में लिया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की तलाशी ली, लेकिन कंकाल का निचला हिस्सा नहीं मिला। हालांकि, तलाशी अभियान के दौरान कुछ दूरी पर लंबे बाल और एक ब्लाउज जैसा कपड़ा बरामद हुआ। सिर की स्थिति देखकर पुलिस ने अनुमान लगाया है कि यह लगभग दो से तीन महीने पुराना है। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि करीब दो महीने पहले इसी गांव की एक महिला लापता हुई थी, जिसकी गुमशुदगी दर्ज है। लापता महिला के पति को भी कंकाल दिखाया गया, लेकिन स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी। अब पुलिस डीएनए जांच के माध्यम से कंकाल की पहचान सुनिश्चित करेगी।

Leave a Reply