शाहजहांपुर में सड़क किनारे कूड़े के ढेर के पास खड़ी एक कार में आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। यह घटना थाना रोजा के लोधीपुर क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, यह कार लखीमपुर जिले के मैंगलगंज क्षेत्र के चौघानपुर निवासी बलवंत सिंह की है। उनके बेटे हरविंदर सिंह शाहजहांपुर के लोधीपुर मोहल्ले में स्थित होटल पार्क इन में एक इंगेजमेंट समारोह में शामिल होने आए थे। उन्होंने कार को होटल की पार्किंग में खड़ा करने के बजाय बाहर कूड़े के ढेर के पास खड़ा कर दिया था। बताया जा रहा है कि कूड़े के ढेर में किसी कारण से आग लग गई, जिसकी चपेट में खड़ी कार भी आ गई। धीरे-धीरे कार से धुआं उठने लगा और फिर आग की लपटें तेज हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। थाना रोजा के राजीव रंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने दोहराया कि कार कूड़े के ढेर पर खड़ी थी और कूड़े में लगी आग के कारण ही कार भी जल गई। कार मालिक से संपर्क किया जा रहा है।

Leave a Reply