गाजीपुर के स्मार्ट कॉलोनी शास्त्रीनगर में लाल बहादुर शास्त्री सेवा समिति और नगरपालिका परिषद ने संयुक्त रूप से स्वच्छता जागरूकता सर्वेक्षण अभियान चलाया। यह अभियान मां भवानी चौक स्थित पार्क में आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य मोहल्लेवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और डोर-टू-डोर कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को मजबूत बनाना है। अभियान के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने लोगों से संवाद करते हुए गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने के महत्व पर जोर दिया। नगरपालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल और अधिशासी अधिकारी डॉ. धीरेन्द्र कुमार राय सहित कई जनप्रतिनिधि और सफाईकर्मी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे। अधिशासी अधिकारी ने गीले कचरे से खाद बनाकर बागवानी में उपयोग करने की सलाह दी, साथ ही प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण पर भी बल दिया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने समिति के “हमारा मोहल्ला, स्मार्ट मोहल्ला” अभियान की सराहना की और इसे धरातल पर उतारने के प्रयासों की प्रशंसा की। समिति के पदाधिकारियों ने मोहल्ले को सेक्टरों में विकसित कर स्मार्ट कॉलोनी बनाने की अपनी योजनाएं साझा कीं। इन योजनाओं में हरियाली बढ़ाना, ट्रैक का निर्माण करना और क्षेत्र का सौंदर्यीकरण करना शामिल है। उन्होंने कचरे के उचित उपयोग और निस्तारण के लिए किए जा रहे स्थानीय प्रयासों की भी जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर समिति की ओर से अतिथियों का सम्मान किया गया। इस दौरान नगरपालिका परिषद के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply