DniNews.Live

शामली में 15 हजारी बदमाश का हाफ एनकाउंटर:पैर में लगी गोली, लूटा सामान बरामद, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

शामली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 15,000 रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश को घायल अवस्था में पकड़ा गया। पुलिस ने उसके पास से लूटे गए सोने के कुंडल, नकदी, एक अवैध तमंचा-कारतूस और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह मामला शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लिसाढ़ के जंगल का है। यहां बाइक सवार दो बदमाशों ने अलग-अलग स्थानों पर लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। एक घटना में अरविंद नामक व्यक्ति से मोबाइल और नकदी लूटी गई थी, जबकि दूसरी घटना में एक महिला से कुंडल, नथ और अंगूठी छीन ली गई थी। इन वारदातों के बाद कोतवाली शामली में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देश पर जांच के लिए टीमों का गठन किया गया था। पुलिस को यह सफलता आईटीआई कॉलेज से लिसाढ़ मार्ग पर जंगल क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मिली। इसी दौरान बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में 15 हजार रुपये का इनामी बदमाश रईस पुत्र इदरीश निवासी राजीव कॉलोनी, पानीपत घायल हो गया। उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और उपचार के लिए सीएचसी शामली भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रईस के पास से दो लूटे हुए कुंडल, 1350 रुपये नकद, 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा, बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर बाइक भी जब्त की गई है। मुठभेड़ के दौरान रईस का साथी फारुख निवासी पानीपत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रईस के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसे वैधानिक कार्रवाई के बाद जेल भेजा जा रहा है। पुलिस ने यह भी कहा कि फरार आरोपी फारुख को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *