शामली में शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे कार सवार बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब 10 राउंड चली गोलियों से पूरे गांव में दहशत फैल गई, हालांकि युवक बाल-बाल बच गया। पीड़ित गुलाब ने आरोप लगाया कि हमलावर गांव के ही एक युवक और उसके साथी थे, जिन्होंने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। बदमाश पहले फायरिंग कर भागे, फिर दोबारा लौटकर कई राउंड गोलियां चलाईं और फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। देखिए खबर से जुड़ी तस्वीरें… जानिए पूरा मामला… यह मामला थाना भवन क्षेत्र के मुल्लापुर गांव में हुआ है। गांव निवासी गुलाब पुत्र भुल्लन ने थाने में दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को वह अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी एक सफेद कार में सवार तीन लोग मौके पर पहुंचे और गांव के ही एक युवक का नाम लेते हुए कार सवार बदमाशों ने युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पीड़ित के मुताबिक, हमलावरों ने पहले करीब तीन राउंड फायरिंग की। इसके बाद वे गाड़ी मोड़कर दोबारा लौटे और फिर कई राउंड गोलियां चलाईं। कुल मिलाकर करीब 10 राउंड फायरिंग की गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस हमले में गुलाब को कोई गोली नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। लेकिन दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। ग्राम प्रधान ने भी बताई घटना की पुष्टि ग्राम प्रधान नीटू के अनुसार, गांव के ही एक युवक और उसके दो साथियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि हमलावर पहले तीन राउंड फायरिंग कर लौटे और फिर वापस आकर दोबारा कई राउंड गोलियां चलाईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए। क्षेत्राधिकारी थाना भवन अमनदीप मौर्य ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पीड़ित ने अपनी जान को खतरा बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply