प्रयागराज में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। पुरानी झूंसी निवासी एक युवक की शादी से ठीक पहले यह खतरनाक मांझा उसकी खुशियों पर भारी पड़ गया। गनीमत रही कि समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। लेकिन हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। डॉक्टरों को उसकी गर्दन पर 8 टांके लगाने पड़े। शादी की चल रही थी तैयारी पुरानी झूंसी निवासी मोहम्मद साहिल के घर में इन दिनों शादी की तैयारियां चल रही थीं। घर में खुशियों का माहौल था और महज 2 से 4 दिन बाद उसकी शादी होनी थी। रविवार शाम करीब 6 बजे तक साहिल घर पर ही सजावट के काम में लगा था। इसके बाद वह कपड़ा खरीदने के लिए अपने मामा इम्तियाज के साथ बाइक से शहर की ओर निकला। अचानक गर्दन में लिपट गया मंझा शाम करीब 7 बजे जैसे ही वे ECC कॉलेज के सामने पहुंचे तभी अचानक हवा में तना हुआ प्रतिबंधित चाइनीज मांझा सामने आ गया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते मांझा सीधे पीछे बैठे साहिल की गर्दन में उलझ गया।
मांझे की धार इतनी तेज थी कि साहिल की गर्दन बुरी तरह कट गई। बाइक चला रहे मामा इम्तियाज ने तुरंत गाड़ी रोकने की कोशिश की लेकिन तब तक मांझा गर्दन में गहराई तक घुस चुका था। कुछ ही पलों में साहिल खून से लथपथ हो गया।
घटना के बाद आनन फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया। साहिल की गर्दन पर कई टांके लगाए गए और कड़ी मशक्कत के बाद उसकी जान बचाई जा सकी।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
प्रयागराज में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी चाइनीज मांझे की वजह से कई लोग घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद शहर में यह प्रतिबंधित मांझा खुलेआम बिक रहा है जो प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
सरकार के आदेश जमीन पर असर नहीं
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चाइनीज मांझे पर सख्त प्रतिबंध के स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद न तो इसकी बिक्री पर पूरी तरह रोक लग पा रही है और न ही इस पर प्रभावी कार्रवाई हो रही है। जब भी कोई घटना होती है तो स्थानीय पुलिस दावा करती है कि जल्द ही अभियान चलाकर ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी लेकिन वास्तविक स्थिति जस की तस रहती है।
प्रशासन से उठी सख्त कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। समाजसेवी रतन कुमार अग्रवाल का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे। प्रशासन से मांग है कि अवैध रूप से मांझा बेचने वालों पर तत्काल कार्रवाई हो बाजारों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए और प्रतिबंध के आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply