DniNews.Live

शराब पीने से युवक की मौत, ग्रामीणों का हंगामा-तोड़फोड़:मां-बेटे से मारपीट; पुलिस ने कहा- कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई

संभल जिले के चंदौसी में शराब पीने से एक युवक की मौत के बाद परिजनों और मोहल्लेवासियों ने जमकर हंगामा किया। उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी की विधानसभा क्षेत्र चंदौसी के शहरी इलाके में अवैध शराब बेचने के आरोप में गुस्साए लोगों ने एक घर में तोड़फोड़ की और एक महिला व उसके बेटे के साथ मारपीट भी की। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। यह घटना चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चुन्नी की है। मोहल्ले के रहने वाले विपिन की शनिवार को शराब पीने के बाद किडनी फेल होने से मौत हो गई थी। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। विपिन की मौत के बाद रविवार दोपहर करीब 12 बजे सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मिलीभगत से घरों में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। महिलाओं ने कहा कि पुरुषों के पास शराब पीने के लिए पैसे हैं, लेकिन घर में रोटी खिलाने के लिए नहीं। हंगामे के दौरान भीड़ ने रजनी पत्नी सुरेंद्र और उनके 12 वर्षीय बेटे अनुज पर शराब बेचने का आरोप लगाते हुए उनकी पिटाई कर दी। मां को पीटते देख बेटे ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी पीटा गया। करीब डेढ़ घंटे तक मोहल्ले में हंगामा चलता रहा, जिसके बाद लोग नारेबाजी करते हुए चंदौसी कोतवाली पहुंच गए। थाना प्रभारी अनुज तोमर ने बताया कि शराब बेचने को लेकर कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है और विधिक कार्रवाई की जाएगी। गौरी ने बताया कि मेरे भाई विपिन कि कल किडनी फेल होने से मौत हुई है। उसकी काफी दिनों से तबीयत खराब थी किसी समय रात को 2:30 बजे घर से निकला तो इसे शराब लेकर पी ली। आशा ने बताया कि शराब के चक्कर में छोटे-छोटे बच्चों को छोड़कर लोग मर रहे हैं, घर में बच्ची-महिलाओं को खिलाने के लिए इन लोगों के पास पैसे नहीं है। अन्य महिलाओं ने कहा कि मोहल्ले में बिक रही अवैध रूप से शराब बंद होनी चाहिए और सट्टा भी बंद होना चाहिए। कविता ने कहा कि हमारे पिता बहुत शराब पीते हैं हमारे मन नहीं है और घर में खर्च के लिए पैसे भी नहीं देते हैं मेरी मांग यह है कि शराब पूरी तरह से बंद होनी चाहिए।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *