DniNews.Live

शराब दुकान हटाने को लेकर महिलाओं का प्रदर्शन:मऊ में DM को ज्ञापन सौंपा, कार्रवाई की मांग, बोली- माहौल खराब हो रहा

मऊ जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को दर्जनों महिलाओं ने शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने जिलाधिकारी को संबोधित एक शिकायती पत्र भी सौंपा और तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि ग्राम सभा पहसा में संचालित शराब की दुकान से पूरे इलाके का माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने बताया कि शराब की दुकान के पास ही एक मंदिर स्थित है, जहां गांव की महिलाएं नियमित रूप से शिव चर्चा और पूजा-पाठ के लिए जाती हैं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब के नशे में धुत लोग मंदिर आने-जाने वाली महिलाओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और गाली-गलौज करते हैं। इससे उन्हें काफी असहजता और भय का सामना करना पड़ता है। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि शराब की दुकान के चलते क्षेत्र में चोरी और मारपीट जैसी घटनाएं बढ़ गई हैं। नशे की हालत में लोग अक्सर आपसी विवाद कर बैठते हैं, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। प्रदर्शन के दौरान मीना देवी ने कहा कि शराब की दुकान को तत्काल हटाया जाना चाहिए, क्योंकि इससे महिलाओं की सुरक्षा पर सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गांव के शांतिपूर्ण वातावरण और महिलाओं की गरिमा को ध्यान में रखते हुए इस पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *