DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

शराब तस्करी नियंत्रण-सीमा आवागमन निगरानी पर चर्चा:एसएसबी डीआईजी की अध्यक्षता में हुई बैठक, अवैध गतिविधियों की समीक्षा

शनिवार को मधुबनी के जयनगर स्थित 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) मुख्यालय में फंक्शनल लेवल लीड इंटेलिजेंस एजेंसी की एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सशस्त्र सीमा बल, मुजफ्फरपुर के क्षेत्रक मुख्यालय के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सरोज कुमार ठाकुर ने की। इसका मुख्य उद्देश्य भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीति बनाना और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत करना था। बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता और गश्त बढ़ाने पर जोर दिया गया। शराब तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण, सीमा पार आवागमन करने वाले व्यक्तियों की सघन निगरानी, और नेपाल पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई को प्रोत्साहन देने जैसे मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। इसके अतिरिक्त, भारत-नेपाल सीमा के राजनीतिक और सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा की गई। हथियार, गोला-बारूद, जाली मुद्रा, प्रतिबंधित वस्तुओं और मानव तस्करी की रोकथाम पर भी व्यापक चर्चा हुई। धार्मिक कट्टरवाद, वामपंथी उग्रवाद/माओवादी गतिविधियों और संभावित आतंकी गतिविधियों की रोकथाम के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अतिक्रमण रोकने के प्रभावी उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक मधुबनी योगेंद्र कुमार, 48वीं वाहिनी के कमांडेंट गोविंद सिंह भण्डारी, 71वीं, 20वीं और 51वीं वाहिनी के कमान अधिकारीगण उपस्थित थे। जयनगर के एसडीओ दीपक कुमार, एसडीपीओ राघव दयाल, बेनीपट्टी के एसडीपीओ अमित कुमार सहित अन्य सहयोगी एजेंसियों के अधिकारी भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में डीआईजी सरोज कुमार ठाकुर ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक और सौहार्दपूर्ण संबंध हैं। उन्होंने इन संबंधों को मजबूत बनाए रखने और सीमा क्षेत्र में शांति व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसी समन्वय बैठकों को अत्यंत आवश्यक बताया। ठाकुर ने यह भी उल्लेख किया कि सशस्त्र सीमा बल क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रख रहा है और इस दिशा में सहयोगी एजेंसियों की भूमिका सराहनीय है।


https://ift.tt/0SLOt7N

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *