DniNews.Live

शराब ठेकों के बाहर महिलाओं ने पढ़ी दुर्गा चालीसा:सेल्समैनों के पहुंचने पर धरने पर बैठीं, नशेबाजी और अभद्रता से परेशान

कर्रही रोड स्थित शराब ठेकों के बाहर नशेबाजी, अभद्रता से परेशान महिलाओं का बुधवार को गुस्सा फूट पड़ा। सुबह शराब ठेके खुलते उससे पहले महिलाएं पहुंच गईं और दुर्गा चालीसा का पाठ करने लगीं। इसके बाद दुकानों के आगे धरना देकर बैठ गईं। दुकान खोलने पहुंचे सेल्समैनों ने महिलाओं को देख मालिक और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस पहुंची, हालांकि महिलाओं के गुस्से को देख कोई कार्रवाई नहीं की। हंगामा बढ़ने पर एडीएम सिटी, जिला आबकारी अधिकारी और एडीपीसी साउथ पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं को कानूनी बाध्यताएं बताते हुए दुकानें खुलवा दी, इस पर महिलाएं शिकायत लेकर डीएम कार्यालय पहुंच गईं। 25 फरवरी को भी किया था प्रदर्शन कर्रही रोड पर शराब के तीन ठेके हैं। इलाके की प्रेमा, लक्ष्मी, नितरेखा तिवारी, रानी तिवारी, रानी गुप्ता, रागिनी आदि ने बताया कि शराब ठेकों में शराब पीने के बाद अभद्रता होती है। महिलाओं, बेटियों का निकलना दूभर रहता है। शाम के वक्त तो स्थिति और खराब हो जाती है। ठेका हटाने को लेकर बीती 25 फरवरी को प्रदर्शन किया था। इस पर ठेका स्थानांतरित कराए जाने का आश्वासन मिला था, लेकिन नया वित्तीय वर्ष शुरू होने के बाद भी ठेका नहीं हटवाया गया। अब कंपोजिट दुकान माडल शाप हो गई, जिससे लोग कैंटीन में बैठकर शराब पी सकेंगे। इससे अराजकता और बढ़ेंगी, जिसके चलते महिलाएं धरना दे रही हैं। उधर सेल्समैन और ठेका संचालकों की शिकायत पर पुलिस पहुंची, हालांकि पुलिस ने आबकारी से जुड़ा मामला बता पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद एडीएम सिटी राजेश कुमार, जिला आबकारी अधिकारी राजेश सिंह और एडीपीसी योगेश कुमार मौके पर पहुंचे। इसके बाद महिलाओं को अराजकता फैलाने वालों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं ने उनकी एक नहीं सुनीं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *