मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब की दुकानों में चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनमें से दो को पैर में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार, 25-26 मार्च की रात चेकिंग के दौरान संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान अभियुक्तों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस के साथ उनकी मुठभेड़ हुई और चारों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 40 पेटी देशी शराब, 35,300 रुपये नकद और एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह मिर्जापुर के साथ-साथ सोनभद्र जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में देशी शराब की दुकानों को निशाना बनाकर चोरी करता था। अब तक दोनों जनपदों में चोरी की सात घटनाएं सामने आई थीं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए माल को छिपाने के लिए अभियुक्तों ने एक गुप्त वेयरहाउस बना रखा था। यहां शराब और अन्य चोरी का सामान रखा जाता था, जिसे बाद में बेच दिया जाता था। मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार हुए अभियुक्तों की पहचान करन बिंद और गंगाराम बिंद के रूप में हुई है। करन बिंद पर लगभग 6 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि गंगाराम बिंद पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। अन्य गिरफ्तार अभियुक्तों का भी आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक मनीष मिश्रा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। उन्होंने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों पर नकेल कसी गई है।

Leave a Reply