हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र में गढ़ रोड स्थित गढ़ चुंगी के पास बुधवार शाम सैकड़ों महिलाओं ने शराब की दुकान के विरोध में प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप था कि आवासीय क्षेत्र और अस्पताल के निकट दुकान होने से स्थानीय माहौल खराब हो रहा है, इसलिए इसे तुरंत हटाया जाना चाहिए। जानकारी के अनुसार, गढ़ चुंगी स्थित देवनंदनी अस्पताल के पास संचालित शराब की दुकान के बाहर आसपास के मोहल्लों की महिलाएं इकट्ठा हो गईं। उन्होंने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें कई महिलाएं हाथों में लाठियां लेकर ठेके के बाहर बैठ गईं। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल थीं। महिलाओं के हंगामे को देखते हुए ठेके के कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अयोध्यापुरी चौकी प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कोई भी ग्राहक शराब खरीदने दुकान पर नहीं पहुंचा। महिलाओं के आक्रोश को देखते हुए पुलिस को उन्हें शांत कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अंततः, पुलिस ने समझा-बुझाकर सभी महिलाओं को शांत कराया और उन्हें सुरक्षित उनके घर भेज दिया। इस मामले में सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को शांत कराया और उन्हें घर भेजा।

Leave a Reply