DniNews.Live

व्यापारियों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन दिया:शाहजहांपुर में रेस्टोरेंट की गंदगी, खराब लाइटें और गड्ढे भरने की मांग

शाहजहांपुर में उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने एक रेस्टोरेंट द्वारा गली में मांस के अवशेष और गंदा पानी फैलाने, बिजली के खंभों की खराब लाइटों तथा सड़कों पर गड्ढों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कई शिकायतों के बावजूद इन मुद्दों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। महानगर अध्यक्ष मोहम्मद सलाहुद्दीन अख़्तर ने बताया कि मोहल्ला कटिया टोला लाल इमली चौराहा स्थित एक रेस्टोरेंट द्वारा गली में मांस के अवशेष और गंदा पानी फैलाया जाता है। इस संबंध में गली के निवासियों और दुकानदारों ने 13 दिसंबर 2025, 13 जनवरी और 3 फरवरी को नगर निगम को लिखित शिकायतें दी थीं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अख़्तर ने यह भी बताया कि वार्ड संख्या 13, मोहल्ला भारद्वाजी, निकट मुन्नुगंज फाटक के पास निरमा वाली गली में कई महीनों से एक बड़ा गड्ढा है और बिजली के खंभे की लाइट खराब है। व्यापार मंडल ने 13 जनवरी को पत्र के माध्यम से नगर निगम को इसकी सूचना दी थी, परंतु यह समस्या भी अब तक अनसुलझी है। ज्ञापन में एक अन्य मुद्दा भी उठाया गया। व्यापारियों ने सुझाव दिया कि बहादुरगंज में पिंक शौचालय के समीप प्रस्तावित नवीन शौचालय के बजाय, नगर निगम की संपत्ति पर गोलगंज में स्थित जर्जर पुराने शौचालय का ही जीर्णोद्धार कराया जाए, जो प्रस्तावित स्थल से मात्र 20 मीटर की दूरी पर है। नगर आयुक्त ने व्यापारियों को उनकी समस्याओं पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ज़िला अध्यक्ष सौमित्र गुप्ता ने नगर निगम प्रांगण में स्थापित शहीदों की प्रतिमाओं को तोड़े जाने की घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *