![]()
वृद्धा को 6 दिन तक रखा डिजिटल अरेस्ट, 21लाख हड़पे:साइबर ठग बोले- तुम आतंकियों के साथ मिली हो… तुम्हे जेल भेजा जाएगा
मैं गुजरात पुलिस कमिश्नर बोल रहा हूं… गुजरात में आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी। जांच में सामने आया है कि तुम उग्रवादियों और आतंकियों के साथ मिली हो… तुम्हे जेल भेजा जाएगा, घर सील कर दिया जाएगा… जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती तुम्हें अपने मोबाइल का कैमरा ऑन रखना होगा, तुम्हें डिजिटल अरेस्ट किया गया है… कुछ इस तरह की बातें कह कर किदवई नगर निवासी वृद्धा को साइबर ठगों ने 6 दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर 21 लाख रुपये हड़प लिए। पति की मौत के बाद अकेले रहती हैं वृद्धा किदवई नगर निवासी स्नेहलता ने बताया कि वह किराए के मकान में अकेले रहती हैं। पति का निधन हो चुका है, बेटा-बेटी बाहर रहते हैं। बताया कि कुछ समय पहले दिल्ली के विकास सदन में स्थित एलआईजी का मकान और कानपुर के कृष्णानगर में जमीन बेची थी, इससे मिली रकम उनके खातों में जमा थी। इधर 10 मार्च की सुबह पहली बार एक कॉल आई, फोन करने वाले ने आतंकवादी घटना में नाम आने की बात कह धमकाया। कुछ देर में पुलिस घर भेजने की बात कहकर वीडियो कॉल उठाने का दबाव बनाया। उन्होंने फोन उठाया तो एक पुलिस अधिकारी अपने कार्यालय में बैठा दिखा। उसने खुद को गुजरात पुलिस का कमिश्नर बताया और उनके साथ काफी अभद्र तरीके से बात की। 13 मार्च को खाते से कराए 20 लाख ट्रांसफर आरोप है कि ठगों ने 13 मार्च को उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया खाते से 20 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद 16 मार्च को आरटीजीएस से 50 हजार, 49 हजार और 1 हजार रुपये और निकलवा लिए। फिर आरोपियों ने कॉल नहीं किया। स्नेहलता ने बताया कि उनका एक मकान शहर में है। उसे बेचने की बात चल रही है। उन्हें इसी के सिलसिले में बाहर जाना था। वैसे आरोपी उन्हें घर के बाहर जाने या किसी के घर आने से रोकते थे पर जब उन्होंने 80 लाख में मकान का सौदा करने की बात बताई तो आरोपियों ने उन्हें जाने दिया। उन लोगों ने 80 लाख कब तक आ जाएंगे कहकर पूछा पर पर वह टाल गईं। डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply